लंदन के ल्यूटन से ग्लासगो जा रही ईज़ीजेट की एक फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक भारतीय यात्री ने अचानक 'अल्लाह हू अकबर, फ्लाइट में बम है' चिल्लाते हुए धमकी दी। यात्री ने 'अमेरिका मुर्दाबाद' और 'ट्रंप मुर्दाबाद' जैसे नारे भी लगाए, जिसके बाद पायलट को ग्लासगो हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
बम की धमकी और हंगामा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह यात्री टॉयलेट से बाहर निकलकर बम से फ्लाइट उड़ाने की धमकी देने लगा। अन्य यात्रियों ने उसे काबू में किया, जिसके बाद फ्लाइट में इमरजेंसी की स्थिति घोषित की गई। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर ग्लासगो हवाई अड्डे पर फ्लाइट की आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। धमकी देने वाले यात्री की पहचान ल्यूटन निवासी 41 वर्षीय अभय देवदास नायक के रूप में हुई है, जिसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी और कोर्ट में पेशी
घटना के बाद, ग्लासगो हवाई अड्डे पर उतरते ही नायक को गिरफ्तार कर लिया गया। सोमवार को उसे पेस्ले शेरिफ कोर्ट में पेश किया गया, जहां उस पर हमला करने और विमान की सुरक्षा को खतरे में डालने जैसे गंभीर आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया। यह केस स्कॉटलैंड में गंभीर अपराधों के लिए अपनाई जाने वाली 'सोलम्न प्रक्रिया' के तहत चलाया जा रहा है। नायक ने अभी तक कोई अपराध स्वीकार नहीं किया है और उसे हिरासत में भेज दिया गया है। अब उसे 5 अगस्त को फिर से कोर्ट में पेश किया जाएगा।