Breaking

यमन ने सऊदी अरब के सामने रखी अजीब शर्त, यमनियों की जाल में फंसा रियाज़...

Wednesday, 21 May 2025

मेजर गौरव आर्या की विवादित टिप्पणी से ईरान नाराज, भारत सरकार को देनी पड़ी सफाई

मेजर गौरव आर्या की विवादित टिप्पणी से ईरान नाराज, भारत सरकार को देनी पड़ी सफाई
पूर्व आर्मी अफसर मेजर गौरव आर्या की एक टिप्पणी से राजनयिक विवाद हुआ। यह टिप्पणी ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची की भारत यात्रा पर थी। आर्या की टिप्पणी पर ईरान सरकार ने नाराजगी जताई।

पूर्व आर्मी अफसर मेजर गौरव आर्या की एक विवादित न्यूज़ विडियो क्लिप दिल्ली से लेकर ईरान के बीच डिप्लोमैटिक असहजता की वजह बन गई। इस टिप्पणी पर ईरान सरकार की नाराजगी के बाद भारत सरकार हरकत में आई। उसे आनन-फानन में इसकी निंदा करते हुए खुद को इससे अलग करने संबंधी औपचारिक बयान जारी करना पड़ा। दरअसल, ये पूरा मामला ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची की भारत यात्रा से जुड़ा हुआ है। बीते दिनों अरागची भारत के दौरे पर थे।

अरागची के दौरे को लेकर की थी टिप्पणी
भारत-पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता को लेकर चल रहे कयासों के बीच उन्होंने इस यात्रा के दौरान विदेश मंत्री जयशंकर से मुलाकात भी की थी। 7 मई को भारत आने से पहले अरागची ने पाकिस्तान का दौरा भी किया था। गौरव आर्या ने पाकिस्तान दौरे के लिए अरागची की आलोचना करते हुए विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर ये क्लिप वायरल होने के बाद शनिवार को भारत स्थित ईरान दूतावास ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस पर आपत्ति जताई थी। पोस्ट में आर्या की विडियो क्लिप साझा करते हुए लिखा, 'मेहमानों का आदर करना ईरानी संस्कृति की पुरानी परंपरा रही है। हम ईरानी अपने मेहमानों को भगवान का प्रिय मानते हैं, आप भी बताएं आपका इस बारे में क्या सोचते हैं।'

ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने बयान की निंदा की
इसके बाद ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने इस बयान की निंदा करते हुए एक्स पर एक पोस्ट साझा की। बयान में साफ किया गया कि भारत विडियो में इस्तेमाल भाषा को अपमानजनक मानता है। भारतीय दूतावास ने कहा, 'तेहरान का भारतीय दूतावास यह स्पष्ट करना चाहता है कि इस विडियो में दिख रहा शख्स एक निजी भारतीय नागरिक हैं और उसके बयानों का भारत के आधिकारिक रुख से कोई संबंध नहीं है। भारत सरकार विडियो में इस्तेमाल की गई अपमानजनक भाषा को अनुचित मानती है।'

बीते साल विदेश मंत्री का पद संभालने के बाद ये अरागची का पहला भारत दौरा था। माना जा रहा है कि अराघची ने दोनों देशों की यात्रा तनाव कम करने के मकसद से की थी। अराघची ने ऐसे समय भारत और पाकिस्तान का दौरा किया, जब पहलगाम हमले के बाद दोनों देशों में बेहद तनाव था। इसी मुद्दे पर किसी टीवी बहस के दौरान गौरव आर्या ने ईरानी विदेश मंत्री को लेकर टिप्पणी की। सऊदी अरब के साथ ईरान उन देशों में शामिल था, जिसने पहलगाम हमले के बाद दोनों देशों के बीच संबंध खराब होने के बाद मध्यस्थता की पेशकश की थी।