-Friday World September 09 2026
तेहरान/वॉशिंगटन - दुनिया की सबसे संवेदनशील जल-संधि हॉर्मुज़ में एक ऐसी घटना हुई है जिसने अमेरिका-ईरान तनाव को समुंदर की गहराइयों तक पहुंचा दिया है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य के प्रवेश द्वार पर अमेरिका की अत्याधुनिक मानवरहित पनडुब्बी को जिंदा पकड़ लिया है।
IRGC नेवी ने मंगलवार तड़के जारी बयान में कहा - "हमने आतंकी अमेरिकी सेना की सबसे आधुनिक, इंटेलिजेंट और मानवरहित पनडुब्बी को हॉर्मुज़ के मुहाने पर फंसा लिया है। यह पनडुब्बी दुनिया की नवीनतम तकनीकों से लैस है।"
ईरानी मीडिया के मुताबिक यह पनडुब्बी अमेरिका की Dive-LD है, जिसे कैलिफोर्निया की डिफेंस कंपनी Anduril ने बनाया है। यह 19 फुट यानी 5.8 मीटर लंबी और लगभग 3 टन वजनी है। cf85
Dive-LD है क्या बला?
ये कोई आम ड्रोन नहीं है। Anduril की वेबसाइट के मुताबिक Dive-LD 10 दिन तक बिना बेस पर लौटे मिशन कर सकती है और 6,000 मीटर यानी 19,700 फुट की गहराई तक गोता लगा सकती है।
इसके काम हैं:
- समुंदर के नीचे जासूसी और निगरानी
- सी-बेड की मैपिंग
- माइंस का पता लगाना
- पानी के नीचे बिछी पाइपलाइन और इंटरनेट केबलों की जांच
अमेरिकी नौसेना को इसका पहला यूनिट अप्रैल 2025 में ही मिला था और इसे Unmanned Undersea Vehicle Squadron 1 में शामिल किया गया था। ईरान का कहना है कि यह 2025 में ही अमेरिकी बेड़े में शामिल हुई थी।
अमेरिका का जवाब - ये तो खराब हो गई थी
पेंटागन ने ईरान के दावे के तुरंत बाद सफाई दी। एक प्रवक्ता ने कहा कि "एक अंडरवाटर ड्रोन एक दिन से ज्यादा पहले खराब हो गया था। वह क्षेत्र में चल रहे ऑपरेशन के समर्थन में पानी का सर्वे कर रहा था। यह एक पुराना मॉडल था जिसमें न तो कोई संवेदनशील डेटा था और न ही कोई क्लासिफाइड सोनार या रडार।"
Anduril कंपनी ने भी कहा कि Dive-LD एक "attritable" सिस्टम है, मतलब इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि खतरनाक इलाके में इसका खो जाना पहले से माना जाता है।
लेकिन ईरान इसे युद्ध की ट्रॉफी बता रहा है। IRGC ने कहा है कि जल्द ही इसकी तस्वीरें और वीडियो जारी किए जाएंगे।
ब्लैक बॉक्स अब ईरान की लैब में?
यही इस घटना को सबसे बड़ा बनाता है। अगर यह पनडुब्बी सही में ईरान के हाथ लगी है, तो इसका ब्लैक बॉक्स, सॉफ्टवेयर, सोनार सिस्टम और AI नेविगेशन सब कुछ ईरानी इंजीनियरों के सामने होगा। रिवर्स इंजीनियरिंग से ईरान अपनी अंडरवाटर क्षमताओं को कई साल आगे ले जा सकता है।
हॉर्मुज़ वो रास्ता है जहाँ से दुनिया का करीब 20% तेल और LNG गुजरता है। पिछले कुछ महीनों से ईरान ने यहाँ नाकाबंदी जैसी स्थिति बना रखी है, जबकि अमेरिका ने जवाब में ईरानी बंदरगाहों पर काउंटर-ब्लॉकेड लगाया हुआ है। b170
ऐसे में समुंदर के नीचे यह जंग एक नया मोर्चा खोलती है।
ईरान का संदेश साफ है - हॉर्मुज़ हमारी रेड लाइन है। और सवाल अब वॉशिंगटन से है - क्या ट्रंप प्रशासन इस 'स्मार्ट शिकार' का जवाब देगा या इसे एक खराब मशीन बताकर बात को खत्म कर देगा?
यह सिर्फ एक ड्रोन के पकड़े जाने की कहानी नहीं, यह समुंदर के नीचे की महाशक्तियों की जंग का ट्रेलर है।
Sajjadali Nayani ✍
Friday World September 09 2026
#IranUSATension #StraitOfHormuz #DiveLD #USNavyDrone #IRGC #Anduril #UnderwaterWarfare #HormuzStrait #MiddleEastCrisis #AutonomousSubmarine