अमेरिका के इलिनॉय में टारगेट स्टोर से 1,300 डॉलर (लगभग 1.1 लाख रुपये) के सामान की चोरी के आरोप में एक भारतीय महिला को पुलिस ने हिरासत में लिया है। स्टोर के कर्मचारियों को महिला का व्यवहार संदिग्ध लगा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। यह घटना 1 मई 2025 को हुई, और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने भारतीय समुदाय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए चर्चा को हवा दे दी है। पुलिस के अनुसार, महिला ने स्टोर में लगभग सात घंटे बिताए, इस दौरान वह सामान उठाती रही, बार-बार अपना फोन चेक करती रही और बिना किसी स्पष्ट मकसद के स्टोर में इधर-उधर घूमती रही। स्टोर के एक कर्मचारी ने बताया, "हमने इस महिला को सुबह से देखा था। वह सामान उठा रही थी, फोन देख रही थी और गलियारों में घूम रही थी। आखिर में वह बिना भुगतान किए वेस्ट गेट से बाहर निकलने की कोशिश कर रही थी।" इसके बाद स्टोर के कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को बुलाया।
महिला ने की माफी की गुहार
पकड़े जाने के बाद महिला ने पुलिस से मामले को सुलझाने की कोशिश की। उसने चोरी किए गए सामान का भुगतान करने की पेशकश की और कहा, "मुझे खेद है अगर मैंने किसी को परेशान किया। मैं इस देश की नहीं हूं और मुझे यहां रहना भी नहीं है। मुझे जाने दो।" जवाब में एक महिला पुलिस अधिकारी ने कहा, "क्या भारत में चोरी करना कानूनी है? मुझे नहीं लगता।" पुलिस ने सामान के बिल की समीक्षा करने के बाद उसे हथकड़ी लगाकर पुलिस स्टेशन ले गई।
https://x.com/LambertTalks/status/1945085962603663862?s=08
कानूनी परिणाम और सोशल मीडिया पर विवाद
महिला पर गंभीर चोरी (फेलोनी) का आरोप लगाया गया है, क्योंकि इलिनॉय कानून के तहत 300 डॉलर से अधिक की चोरी को गंभीर अपराध माना जाता है। हालांकि, अभी तक उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कानूनी कार्रवाई की संभावना है। इस घटना का वीडियो, जो पुलिस के बॉडीकैम में रिकॉर्ड हुआ, सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यूट्यूब पर शेयर किए गए वीडियो के कैप्शन में लिखा है, "1 मई 2025 को, एक महिला ने टारगेट स्टोर से हजारों डॉलर का सामान बिना भुगतान किए ले जाने की कोशिश की।"
सोशल मीडिया पर इस घटना ने भारतीय प्रवासियों और पर्यटकों के व्यवहार पर बहस छेड़ दी है। कई यूजर्स ने महिला की हरकत को शर्मनाक बताते हुए भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाया। एक यूजर ने लिखा, "एक प्रवासी के तौर पर हमें अपने देश का सम्मान बनाए रखना चाहिए। यह व्यवहार शर्मनाक है।" वहीं, कुछ यूजर्स ने इसे सांस्कृतिक गलतफहमी का मामला बताया।
अमेरिका में चोरी के गंभीर परिणाम
इस घटना के बाद भारत में अमेरिकी दूतावास ने वीजा नियमों को लेकर चेतावनी जारी की है। दूतावास ने कहा, "अमेरिका में चोरी, हमला या डकैती जैसे अपराध न केवल कानूनी मुसीबत लाते हैं, बल्कि इससे वीजा रद्द हो सकता है और भविष्य में अमेरिका में प्रवेश पर रोक लग सकती है।" हाल ही में टेक्सास में एक भारतीय छात्र पर भी चोरी का आरोप लगा था, जिसके बाद उसे डिपोर्ट किया गया था। चोरी जैसे अपराध वीजा नवीनीकरण, ग्रीन कार्ड आवेदन और यहां तक कि डिपोर्टेशन जैसे गंभीर परिणामों को जन्म दे सकते हैं।
यह घटना विदेश में भारतीय पर्यटकों और प्रवासियों के लिए एक चेतावनी है कि स्थानीय कानूनों का पालन करना कितना जरूरी है। टारगेट स्टोर ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन यह मामला अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए वीजा नियमों और कानूनी जिम्मेदारियों पर चर्चा को और तेज कर रहा है।