Breaking

यमन ने सऊदी अरब के सामने रखी अजीब शर्त, यमनियों की जाल में फंसा रियाज़...

Saturday, 10 October 2026

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस का एक्शन: सुप्रीम कोर्ट के बाहर वकील हिरासत में, SCBA ने CJI को लिखा पत्र

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस का एक्शन: सुप्रीम कोर्ट के बाहर वकील हिरासत में, SCBA ने CJI को लिखा पत्र
-Friday World Oct 10,2026 
       प्रतीकात्मक तस्वीर 
नई दिल्ली - मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित धरना प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार सुबह सुप्रीम कोर्ट परिसर के बाहर और भगवान दास रोड पर प्रदर्शन कर रहे वकीलों को दिल्ली पुलिस और CRPF ने हिरासत में ले लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वकीलों का एक समूह काले कोट में सुप्रीम कोर्ट के गेट C से जंतर-मंतर की ओर मार्च निकाल रहा था। हाथों में पोस्टर और CEC के इस्तीफे के नारे लगाते हुए वकील करीब 100 गज ही चले थे कि पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया और बसों में भरकर हिरासत में ले लिया। इनमें महिला वकील भी शामिल थीं, जिन्हें महिला पुलिसकर्मियों ने हिरासत में लिया।

यह प्रदर्शन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा बुलाई गई जंतर-मंतर रैली से जुड़ा था। CJP ने आरोप लगाया है कि वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और फॉर्म-6 में गड़बड़ी हुई है और इसी को लेकर CEC के इस्तीफे की मांग की जा रही थी। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों से इस प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था।

SCBA ने की कड़ी निंदा, CJI से दखल की अपील

वकीलों की हिरासत की खबर फैलते ही सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) में हड़कंप मच गया। SCBA अध्यक्ष और सीनियर एडवोकेट प्रदीप राय ने इस कार्रवाई को "deeply disturbing" बताते हुए कड़ी निंदा की है।

SCBA ने 10 अक्टूबर को एक प्रस्ताव पारित कर कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे वकीलों पर अत्यधिक बल का प्रयोग किया गया है। कुछ वकीलों को तो उनके चैंबर से ही उठा लिया गया। एसोसिएशन ने मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

SCBA ने CJI को लिखे पत्र में कहा है कि हिरासत में लिए गए सभी वकीलों की सुरक्षा और ठिकाने का पता लगाया जाए और जिनके खिलाफ कोई कानूनी आधार नहीं है, उन्हें तुरंत रिहा किया जाए। साथ ही इस पूरी घटना की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।

CJI के दखल के बाद रिहाई

सूत्रों के अनुसार CJI सूर्यकांत ने मामले का संज्ञान लिया और सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता के माध्यम से दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारियों से बात की। SCAORA (सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट्स ऑन रिकॉर्ड एसोसिएशन) के अध्यक्ष देवव्रत ने बताया कि CJI के दखल के बाद हिरासत में लिए गए वकीलों को रिहा किया जा रहा है।

इससे पहले SFI के 400 से अधिक छात्र कार्यकर्ताओं और वामपंथी नेताओं को भी गोल मार्केट से जंतर-मंतर की ओर मार्च निकालते समय हिरासत में लिया गया था। राजधानी में करीब 25,000 पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं।

यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि क्या शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी अब राजधानी में संभव नहीं रहा?

Sajjadali Nayani ✍ 
Friday World Oct 10,2026 

#DelhiPolice #CECGyaneshKumar #SupremeCourt #SCBA #CJISuryaKant #LawyersDetained #JantarMantarProtest #CJPProtest #SupremeCourtBarAssociation #Democracy