Breaking

यमन ने सऊदी अरब के सामने रखी अजीब शर्त, यमनियों की जाल में फंसा रियाज़...

Thursday, 1 October 2026

हे राम! 2 अक्टूबर को चुनाव आयोग के खिलाफ बड़ा घमासान - कॉकरोच जनता पार्टी का CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर शिवाजी पार्क में जेल भरो आंदोलन का ऐलान

हे राम! 2 अक्टूबर को चुनाव आयोग के खिलाफ बड़ा घमासान - कॉकरोच जनता पार्टी का CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर शिवाजी पार्क में जेल भरो आंदोलन का ऐलान
-Friday World Oct 2,2026 

महाराष्ट्र की राजनीति में गांधी जयंती के दिन बड़ा सियासी बवाल होने जा रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janata Party - CJP) ने 2 अक्टूबर 2026 से भारत के चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बड़े आंदोलन का ऐलान किया है।

पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने गुरुवार को मुंबई प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक CEC इस्तीफा नहीं देते।

आंदोलन क्यों? क्या है मांगें?

CJP का आरोप है कि वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के नाम पर बड़े पैमाने पर वोटरों के नाम काटे जा रहे हैं। दिपके का दावा है कि 2024 के बाद से करीब 13 करोड़ नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं।

पार्टी की 3 मुख्य मांगें हैं:
1. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का तत्काल इस्तीफा और उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई।
2. SIR की प्रक्रिया पर रोक, 2025 की वोटर लिस्ट को फ्रीज किया जाए और उसी के आधार पर चुनाव कराए जाएं।
3. 2023 के चुनाव आयोग कानून को रद्द किया जाए और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति में सिविल सोसायटी की भागीदारी के साथ पारदर्शी प्रक्रिया बनाई जाए, साथ ही EVM की जगह बैलेट पेपर से चुनाव हो।

दिपके ने CEC को "गद्दार" तक कह दिया और कहा कि अगर CEC इस्तीफा नहीं देते तो अगली मांग प्रधानमंत्री के इस्तीफे की होगी।

शिवाजी पार्क में परमिशन नहीं, फिर भी होगा प्रदर्शन

CJP ने इस प्रदर्शन के लिए मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क ग्राउंड की परमिशन मांगी थी। लेकिन मुंबई पुलिस ने परमिशन देने से साफ इनकार कर दिया।

शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन ने अपने जवाब में कहा कि:
- बॉम्बे हाईकोर्ट के PIL 116/2009 के 4 जनवरी 2013 के आदेश और महाराष्ट्र सरकार के 20 जनवरी 2016 के आदेश के तहत पुलिस शिवाजी पार्क में सभा की परमिशन देने के लिए अधिकृत नहीं है।
- आयोजकों ने BMC की अनिवार्य परमिशन लेटर जमा नहीं की।
- शिवाजी पार्क साइलेंस जोन है, आसपास रिहायशी इलाके और बड़े अस्पताल हैं, इसलिए शोर और ट्रैफिक जाम की समस्या होगी और इमरजेंसी वाहनों की आवाजाही में रुकावट आएगी।

पुलिस ने आयोजकों को सलाह दी कि वे मुंबई में कोई दूसरी वैकल्पिक जगह देखें और नए सिरे से आवेदन करें।

परमिशन रद्द होने के बाद भी 'जेल भरो' की चेतावनी

पुलिस की ना के बावजूद CJP पीछे हटने को तैयार नहीं है। अभिजीत दिपके ने ऐलान किया है कि 2 अक्टूबर को शाम 4 बजे शिवाजी पार्क के गेट नंबर 6 पर तय कार्यक्रम के अनुसार ही विरोध प्रदर्शन होगा। उन्होंने कहा, "यह गांधी जयंती है, लोकतंत्र बचाने की शपथ लेने का दिन। परमिशन नहीं मिली तो हम जेल भरो आंदोलन करेंगे।"

उन्होंने सवाल उठाया कि जब उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के कार्यक्रमों को शिवाजी पार्क में परमिशन मिल सकती है, तो उन्हें क्यों नहीं?

CJP ने बताया कि यह सिर्फ मुंबई तक सीमित नहीं रहेगा। मुंबई के बाद गोवा, बेंगलुरु, कोलकाता, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड में प्रदर्शन होंगे और आखिर में अक्टूबर के अंत में दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा धरना होगा। इसी दिन दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रशांत भूषण और मनोज झा जैसे सामाजिक कार्यकर्ताओं का भी अलग प्रदर्शन प्रस्तावित है।

चुनाव आयोग ने फिलहाल इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि SIR की प्रक्रिया नियमों के अनुसार ही चल रही है। अब देखना होगा कि गांधी जयंती पर मुंबई पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच क्या स्थिति बनती है।

Sajjadali Nayani ✍ 
Friday World Oct 2,2026 

#ElectionCommission #CECGyaneshKumar #ShivajiPark #CockroachJanataParty #AbhijeetDipke #SIR #VoterList #SaveDemocracy #MumbaiProtest #GandhiJayanti