Breaking

यमन ने सऊदी अरब के सामने रखी अजीब शर्त, यमनियों की जाल में फंसा रियाज़...

Saturday, 29 November 2025

“प्यार किया तो डरना क्या… नाम वोटर लिस्ट से कट गया तो लोकतंत्र से कट गया!”

“प्यार किया तो डरना क्या… नाम वोटर लिस्ट से कट गया तो लोकतंत्र से कट गया!”
प्यार किया तो डरना क्या… पर वोटर लिस्ट से नाम कट गया तो डरना पड़ रहा है 

29 नवंबर 2025 अरे भइया, पहले तो लोग कहते थे, “लड़की ने घर से भाग कर शादी कर ली तो समाज क्या कहेगा?” 
अब 2025 में नया डायलॉग आ गया है, “BLO वाले ने वोटर लिस्ट से नाम काट दिया तो लोकतंत्र क्या कहेगा?”

 मैं पिछले हफ्ते लखनऊ के एक मोहल्लों में घूम रहा था। एक 26 साल की लड़की रोते-रोते मिली। शादी को 3 साल हो गए, लव मैरिज की थी। पति का घर दूसरी विधानसभा में, मायका तीसरी में। अब शादी के बाद वोट डालने का हक़ भी चला गया! 

उसने बताया, BLO आया था। बोला, ‘अब तो तुम इस पते पर रहती नहीं, नाम कटेगा।’ मैंने कहा, मेरा आधार-कार्ड, बिजली बिल, राशन कार्ड सब यहीं का है। बोला, ‘फिर भी प्रूफ चाहिए कि तुम यहीं रहती हो।’ मैंने पूछा कौन सा प्रूफ? बोला, ‘पति का सर्टिफिकेट कि तुम उसकी बीवी हो और यहीं रहती हो।’ 

अरे भाई, पति का सर्टिफिकेट?? पनडुब्बी चलाने का लाइसेंस भी पति से मंगवाऊँ क्या??” ये सिर्फ एक लड़की की कहानी नहीं है। उत्तर प्रदेश में पिछले 15 दिन में 40 लाख से ज्यादा नाम कटे हैं (चुनाव आयोग का अपना डेटा)। इनमें सबसे ज्यादा प्रभावित:

 1. लव मैरिज करने वाली लड़कियाँ 2. किराए के मकान में रहने वाले युवा 3. मजदूर जो 6 महीने में 3 शहर बदल लेते हैं अब आप सोच रहे होंगे, ये तो सामान्य प्रक्रिया है, डुप्लीकेट नाम हटाए जा रहे हैं।

 हाँ भाई साहब, बिल्कुल! बस इतना सामान्य कि एक ही मोहल्ले में 8 लव मैरिज करने वाली लड़कियों के नाम कट गए, और उनके ससुराल वालों के नाम बचे हुए हैं। क्या संयोग है ना? दूसरी तरफ राजस्थान में एक खबर आई, एक लड़की ने कोर्ट मैरिज की, 5 साल हो गए। BLO ने कहा, “तुम्हारा नाम मायके की लिस्ट में है, यहाँ नहीं डाल सकते।”

 लड़की बोली, “मायके में तो 10 साल से नहीं गई।” BLO: “तो फिर मायके जाकर वोट डालो।” अब बताओ, वोट डालने के लिए डाईवोरस ले लूँ क्या?? 

सबसे मजेदार बात, जिन लड़कियों ने लव मैरिज की और आर्य समाज मंदिर में शादी की, उनके लिए सबसे बड़ा नियम है, “आर्य समाज का सर्टिफिकेट मान्य नहीं।” यानी भगवान के सामने 7 फेरे ले लिए, पर लोकतंत्र के सामने 7 झूठ बोलने पड़ रहे हैं।

 अब सवाल ये है, जो लड़की घर छोड़कर प्यार में आई, वो पहले से ही समाज से लड़ चुकी है। 

अब उसे वोट का हक भी छीन लिया जाए तो वो किसके भरोसे जिए? मैंने एक BLO से पूछा, “भाई साहब, इतने नाम क्यों काट रहे हो?” वो हंसकर बोला, “दीदी, ऊपर से है।

 जितने नाम कटेंगे, उतना,,,,,,,,,, बस यही है हमारा लोकतंत्र 2025 मॉडल: प्यार करो तो सजा, वोट मांगो तो सजा, और चुप रहो तो सबसे बड़ी सजा। 

अंत में सिर्फ इतना कहूंगा, अगर लव मैरिज करने वाली बहुएं वोट नहीं डाल पाईं, तो अगले चुनाव में जो सरकार बनेगी, उसके पास ये बहाने मत सुनना कि “महिलाओं ने हमें वोट नहीं दिया।” क्योंकि हमने वोट मांगने की कोशिश तो की थी… बस हमें वोटर लिस्ट में जगह ही नहीं मिली।

✒️सज्जाद अली नायाणी